
जगदलपुर,30 जुलाई 2026
शहर में बुधवार को लगातार हुई बारिश के बीच महापौर संजय पांडे दिन से लेकर देर रात तक विभिन्न वार्डों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लेते रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर अधिकारियों को तत्काल राहत, जल निकासी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुंदरलाल शर्मा वार्ड में जलभराव की गंभीर स्थिति सामने आने पर महापौर ने मौके पर ही जेसीबी मशीन बुलवाकर नालियों की सफाई और जल निकासी का कार्य शुरू कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान किसी भी वार्ड से जलभराव की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगरवासियों की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के मौसम में जलभराव, नालियों की रुकावट तथा अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम का अमला लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि निगम की टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झॉ, संग्राम सिंह राणा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा तथा नगर निगम का सफाई अमला भी मौके पर मौजूद रहा और राहत कार्यों में मुस्तैदी से जुटा रहा।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि जलभराव या अन्य नागरिक समस्याओं की सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय रहते उनका समाधान किया जा सके। नगर निगम ने भरोसा दिलाया है कि बारिश के दौरान शहर में जनजीवन सामान्य बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास लगातार जारी रहेंगे।




