छत्तीसगढ़जगदलपुर

जगदलपुर केंद्रीय जेल में हत्या के आरोप में बंद महिला की संदिग्ध मौत, फांसी लगाने की आशंका

जगदलपुर, 3 जून 2026

बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने जेल के भीतर अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मृतका की पहचान जयमती बघेल के रूप में हुई है, जो दरभा क्षेत्र के चितापुर गांव की निवासी थी। वह करीब दो महीने से हत्या के एक मामले में न्यायिक हिरासत के तहत केंद्रीय जेल में बंद थी। बताया जा रहा है कि उस पर अपने ही चाचा की हत्या का आरोप था।

परिजनों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जयमती लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। आरोप है कि उसका चाचा लगातार उसे प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर उसने कथित तौर पर चाचा की हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था।

रविवार तड़के महिला बंदी के फांसी लगाने की सूचना मिलने पर जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल परिसर के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और बंदियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar