
जगदलपुर, 31 मई 2026
बस्तर जिले में जगदलपुर-सुकमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरभा बाजार के पास एक विशालकाय पेड़ अचानक सड़क से गुजर रहे ट्रक पर गिर पड़ा, जिससे ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया और हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रक सड़क से गुजर रहा था, तभी अचानक पेड़ उसके ऊपर आ गिरा। गनीमत रही कि ट्रक चालक की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक को नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली।
प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू किया, ताकि मार्ग को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, यातायात को सामान्य करने के प्रयास लगातार जारी हैं।




