छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

भानपुरी में कोटवारों का धरना प्रदर्शन: नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि समेत प्रमुख मांगों को लेकर CM Vishnu Dev Sai के नाम सौंपा ज्ञापन

बस्तर, 5 जुलाई 2026

जिला बस्तर के तहसील भानपुरी में कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के बैनर तले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। वर्षों से लंबित मांगों को लेकर कोटवारों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम तहसीलदार भानपुरी के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए नियमितीकरण, राजस्व विभाग में संविलियन, मानदेय वृद्धि और सामाजिक सुरक्षा सहित कई मांगें रखीं।

संघ के अध्यक्ष रामाराम नेताम ने बताया कि कोटवार लंबे समय से शासन-प्रशासन और आम जनता की सेवा कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। उन्होंने राजस्व विभाग में संविलियन, पारिश्रमिक बढ़ाने, सामाजिक सुरक्षा, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया तथा शिकायतों पर निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि कोटवार अंग्रेजों के समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सेवा संबंधी लाभ नहीं मिलते। संघ ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का हवाला देते हुए लंबे समय से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण के आधार पर कोटवारों को भी नियमित करने की मांग की।

संघ ने ए श्रेणी के कोटवारों का मानदेय 6,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये, बी श्रेणी का 5,500 से 12,000 रुपये, सी श्रेणी का 4,500 से 10,000 रुपये तथा डी श्रेणी का 3,000 से 8,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। इसके साथ ही नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्रों में कोटवार नियुक्ति पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

धरना प्रदर्शन में अध्यक्ष रामाराम नेताम, उपाध्यक्ष प्यारी राम नेताम, कोषाध्यक्ष मुन्ना राम चौहान, सचिन रघुनाथ नाग, पातीराम कोर्राम, मंगतू राम कोर्राम, शिवराम नाग, अर्जुन कश्यप, पूरन नाग, फूल सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के कोटवार उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar