CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले 4 दिनों में 5 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा

रायपुर , 19/05/26 । छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मौसम प्रणाली अब कमजोर पड़ गई है, जिसके चलते आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि, प्रदेश के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। सोमवार को रायपुर समेत कई जिलों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
26 मई के बाद केरल पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के बाद केरल पहुंच सकता है। हालांकि इसमें 4 दिन तक की मॉडल त्रुटि संभव है। वहीं पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और बिहार के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास भी एक सिस्टम सक्रिय है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।




