छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर दौरे पर अमित शाह, अमर वाटिका में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

जगदलपुर , 18/05/26 ! केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपने बस्तर दौरे के दौरान जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।

अमित शाह ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में जवानों का बलिदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार माओवाद के समूल उन्मूलन और बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

दौरे के दौरान गृहमंत्री ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

अमित शाह ने सुरक्षाबलों के जवानों से भी संवाद किया और उनके साहस, समर्पण व कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar