कांकेरछत्तीसगढ़

बिजली गिरने से बड़ा हादसा: मनरेगा कार्यस्थल पर 2 मजदूरों की मौत, 5 घायल

कांकेर, 12 जून 2026

कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कलगांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा कार्य में लगे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, गांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें लगभग 50 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।

इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उपसरपंच धनराज पटेल सहित एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

5 मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती

इस दुर्घटना में तीन महिला और दो पुरुष मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया है। घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एंबुलेंस और स्वास्थ्य टीम को भी तत्काल रवाना किया गया।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar