छत्तीसगढ़बकावंडबस्तरमौसम

बेमौसम तूफान का कहर: आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि में दंपति घायल

,,बकावंड ब्लॉक के चोलनार गांव में तेज हवा से स्कूटी उड़ी, पति-पत्नी ने एक-दूसरे को थामकर बचाई जान,

डमरू कश्यप,बस्तर, बकावंड । जिले में बेमौसम मौसम ने अचानक कहर बरपाया। कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं और बर्फ के गोलों (ओलों) ने लोगों को काफी परेशानी में डाल दिया।

इसी दौरान बकावंड ब्लॉक के ग्राम पंचायत चोलनार में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव निवासी रामेश्वर बघेल(रमेश) (50 वर्ष) अपनी पत्नी सुकरी बघेल के साथ पुराने घर से अपने नए घर (प्लॉट) की ओर जा रहे थे। कल शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अचानक तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि शुरू हो गई।

तेज हवाओं के बीच दोनों स्कूटी से जा रहे थे, तभी हवा के झोंके ने स्कूटी को असंतुलित कर दिया और वे सड़क पर गिर पड़े। हालात इतने भयावह थे कि दोनों एक-दूसरे से लिपटकर खुद को संभालते रहे और किसी तरह अपनी जान बचाई।

इस दौरान रामेश्वर बघेल (रमेश) अपनी पत्नी को बचाने के प्रयास में खुद बुरी तरह घायल हो गए। उनके पूरे शरीर पर ओलों के कारण चोटें आईं, वहीं उनकी पत्नी सुकरी बघेल के सिर में भी चोट लगी। घटना के बाद उन्होंने अपने पुत्र को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है और उपचार के बाद वे अपने घर पर आराम कर रहे हैं।

बेमौसम आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है। प्रशासन द्वारा मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और ऐसे हालात में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar