छत्तीसगढ़

सशस्त्र नक्सलवाद के अंत पर कबीरधाम में भव्य हनुमंत भंडारा, श्रद्धालुओं ने शांति और समृद्धि की कामना की

रायपुर, 02 अप्रैल 2026: सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति के ऐतिहासिक संकल्प की पूर्ति के उपलक्ष्य में कबीरधाम जिले के सिद्ध श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में भव्य हनुमंत भंडारा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर हनुमान जी के दर्शन-पूजन के साथ प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

भंडारे में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी रश्मि शर्मा और उनके पुत्र अभिनव शर्मा ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी भूपत सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप और अन्य अधिकारियों ने भी उपस्थित होकर प्रसाद वितरण में भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि 31 मार्च 2026 तक बस्तर सहित छत्तीसगढ़ से सशस्त्र नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश में स्थापित शांति, सुरक्षा और विकास के नए युग का अभिनंदन किया गया।

विगत चार दशकों से छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर अंचल, नक्सलवाद की गंभीर चुनौती का सामना करता रहा। इस दौरान कई निर्दोष नागरिक और सुरक्षा बलों के जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। केंद्र एवं राज्य सरकार की दृढ़ नीतियों और सुरक्षा बलों के साहस एवं समर्पण के कारण आज यह ऐतिहासिक सफलता संभव हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सतत प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई। उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री तथा कवर्धा के विधायक विजय शर्मा की सक्रिय भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही।

श्रद्धालुओं ने सुरक्षा बलों के वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। भंडारे में बड़ी संख्या में सहभागिता ने सामाजिक एकता, सौहार्द और जन-समरसता का संदेश भी प्रसारित किया।


Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar