छत्तीसगढ़जगदलपुर

घायल जवानों से मिले वन मंत्री केदार कश्यप, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

जगदलपुर, 24 अगस्त 2026

घायल जवानों का जाना हाल

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान मंत्री ने घायल जवानों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बेहतर उपचार के दिए निर्देश

जवानों से मुलाकात के बाद मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि सभी जवान कुशल हैं और उनका उपचार जारी है। उन्होंने कॉन्टिनेंटल अस्पताल के AGM डॉ. संतोष कुमार सिंह से जवानों के स्वास्थ्य, उपचार और रिकवरी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान महारानी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू भी उपस्थित रहे।

23 अगस्त को हुआ था हादसा

गौरतलब है कि 23 अगस्त को वन मंत्री श्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा, भानपुरी से कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो पायलट वाहन को पार करते हुए मंत्री के वाहन के मिरर को छूकर स्पेयर वाहन से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो फॉलो वाहन से जा भिड़ी।

हादसे में फॉलो वाहन में सवार चालक और पुलिस जवान घायल हो गए थे। घटना के तत्काल बाद मंत्री श्री कश्यप ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई थी। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया था, जहां उनका उपचार अभी जारी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar