CM साय ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नवीन लोगो का किया विमोचन, आवास मेले के विजेताओं को बांटे पुरस्कार

रायपुर, 26 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नवीन लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेले के लकी ड्रॉ में चयनित हितग्राहियों को पुरस्कार भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक परिवार का अपने घर का सपना साकार करना है। इसी उद्देश्य से गृह निर्माण मंडल को अधिक आधुनिक, पारदर्शी, जनोन्मुखी और उपभोक्ता-केंद्रित बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडल के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण, किफायती और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल प्रदेशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।




