धार्मिक स्थल पर आग का कहर: ट्रांसफार्मर में फॉल्ट, चिंगारी से भड़की आग ने 10-12 दुकानें निगलीं

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम में शुक्रवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर करीब 10 से 12 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर में बंदरों की उछल-कूद के चलते शॉर्ट सर्किट हो गया। इसी दौरान निकली चिंगारी ने पास की झोपड़ीनुमा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब एक घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि गिरौदपुरी धाम में बाबा गुरु घासीदास के मंदिर जाने वाले मार्ग पर अस्थायी दुकानें लगती हैं, जहां छोटे व्यापारी अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं।
राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना यह मंदिर परिसर तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यहां पक्की दुकानों और बेहतर बिजली व्यवस्था की व्यवस्था की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है।




