छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर में रचा गया इतिहास: 61 संकुलों में एक साथ आयोजित हुआ ‘न्योता भोज’

शिक्षा विभाग की अनूठी पहल से विद्यालयों और समाज के बीच बढ़ा आत्मीय जुड़ाव, जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक साथ किया सहभोज

बस्तर, 02 अगस्त 2026,

बस्तर विकासखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए 31 जुलाई 2026 को विकासखंड के सभी 61 संकुलों में एक साथ ‘न्योता भोज’ का सफल आयोजन किया। शिक्षा विभाग की इस अभिनव पहल ने विद्यालयों और समाज के बीच आपसी विश्वास, आत्मीयता तथा जनसहभागिता को नई मजबूती प्रदान की है।

यह आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा सुशील कुमार तिवारी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके निर्देशन में सभी संकुलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समितियों, पालकों, ग्रामीणों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई, जिससे कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

‘न्योता भोज’ का उद्देश्य केवल सामूहिक भोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज और विद्यालय के बीच भावनात्मक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाना भी था। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालयों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

शिक्षा विभाग की इस अनूठी पहल ने यह संदेश दिया कि जब समाज और विद्यालय मिलकर बच्चों के भविष्य के लिए कार्य करते हैं, तब शिक्षा का वातावरण और अधिक सकारात्मक एवं प्रभावी बनता है। बस्तर विकासखंड का यह आयोजन सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है, जिसकी जिलेभर में सराहना की जा रही है।

बस्तर विकासखंड में एक साथ 61 संकुलों में आयोजित ‘न्योता भोज’ न केवल शिक्षा विभाग की एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, बल्कि यह समाज और विद्यालय के बीच मजबूत साझेदारी का प्रेरणादायी मॉडल भी बनकर उभरा है। शिक्षा के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व और जनसहभागिता का यह संदेश आने वाले समय में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी अनुकरणीय साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar