छत्तीसगढ़बस्तर

नवोदय में चमके खैरगुड़ा स्कूल के सितारे, राहुल और यामिनी का हुआ चयन

,,लगातार तीसरे साल मिली कामयाबी, स्कूल में खुशी का माहौल!

बस्तर। बस्तर विकासखंड के कुंडगुड़ा संकुल अंतर्गत प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के दो प्रतिभाशाली छात्रों राहुल और यामिनी का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

खास बात यह है कि प्राथमिक शाला खैरगुड़ा से लगातार तीसरे वर्ष छात्रों का नवोदय विद्यालय में चयन हुआ है। यह विद्यालय की बेहतर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

प्रधान अध्यापक छन्नूराम मंडावी ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि राहुल और यामिनी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

विद्यालय के इस शानदार प्रदर्शन पर अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि खैरगुड़ा स्कूल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से छात्र बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

अभिभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल छात्रों की ही नहीं बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की सामूहिक सफलता है।

फिलहाल राहुल और यामिनी की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में खैरगुड़ा स्कूल से और भी छात्र बड़ी उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar