केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर प्रवास पर ट्रैफिक रूट प्लान जारी, 10 से 3 बजे तक कई मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित

,,बस्तर पंडुम समापन समारोह के मद्देनजर जगदलपुर में VIP रूट घोषित, वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की अपील,,

जगदलपुर,। केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर प्रवास और बस्तर पंडुम के भव्य समापन समारोह को लेकर यातायात पुलिस ने सोमवार 09 फरवरी के लिए विशेष ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया है। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन किए गए हैं। जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार सोमवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कुम्हारपारा चौक से शहीद पार्क चौक, कोतवाली चौक, अभियंता तिराहा होते हुए गणतंत्र द्वार (लालबाग मैदान) तक के मार्ग को वीआईपी रूट घोषित किया गया है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जाम की स्थिति से बचने और सुगम आवागमन के लिए बोधघाट–हाट कचौरा डाइवर्टेड रूट का उपयोग करें तथा अनावश्यक रूप से वीआईपी रूट की ओर न जाएं। समारोह में शामिल होने वाले आम नागरिकों और आगंतुकों के लिए शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आगंतुक अपने वाहन गणपति रिसोर्ट के सामने मैदान, आमागुड़ा जियो पेट्रोल पंप के समीप अथवा कुम्हड़ाकोट मैदान में पार्क कर सकेंगे। कार्यक्रम स्थल लालबाग मैदान में प्रवेश को व्यवस्थित करने के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। वीवीआईपी, वीआईपी एवं मीडिया पासधारियों को चित्रांश मंदिर–सनसिटी मार्ग वाले द्वार से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि सांस्कृतिक दलों एवं स्कूली छात्राओं के लिए गणतंत्र द्वार के पास स्थित प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ड्यूटी स्टाफ को सुबह 9 बजे तक अपने दोपहिया या चारपहिया वाहन लालबाग पीटीएस में पार्क करने की अनुमति होगी। इसके बाद आने वाले कर्मचारियों को अपने वाहन अमर वाटिका में अनिवार्य रूप से पार्क करने होंगे।
बस्तर पंडुम समापन समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने नागरिकों से ट्रैफिक रूट प्लान का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि यह आयोजन गरिमा और अनुशासन के साथ सम्पन्न हो सके।




