DG जेल हिमांशु गुप्ता ने रायपुर में छत्तीसगढ़ की पहली महिला खुली जेल का किया शुभारंभ, 25 बंदिनियों को मिलेगा रोजगार

रायपुर, 26 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में महिला बंदिनियों के पुनर्वास और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की गई है। केंद्रीय जेल रायपुर में प्रदेश की पहली महिला खुली जेल (Women Open Correctional Institution-OCI) का शुभारंभ डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य में पहली बार इस तरह की महिला ओपन जेल शुरू की गई है। रायपुर जेल में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए यह ओपन जेल संचालित की जा रही है। यहां 25 महिला बंदिनियां रहेंगी। निर्धारित व्यवस्था के तहत महिला बंदिनियां सुबह विभिन्न कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर जाएंगी और शाम को लॉकअप से पहले वापस जेल लौटेंगी।
रोजगार से जुड़ेंगी महिला बंदिनियां
महिला बंदिनियों को जेल की ऊंची दीवारों के बाहर मंदिर के पास स्थित परिसर में सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों के बिक्री केंद्र में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा उनके लिए रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध रहेंगे।
इस पहल का उद्देश्य महिला बंदिनियों को जेल की चारदीवारी के भीतर सीमित रखने के बजाय उन्हें कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।




