धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग पर भानपुरी में कांग्रेस व किसानों का चक्का जाम, नेशनल हाईवे-30 घंटों रहा बाधित



बस्तर।
धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर बस्तर जिले के भानपुरी–करंदोला क्षेत्र में कांग्रेस कमेटी और किसानों ने संयुक्त रूप से नेशनल हाईवे-30 पर चक्का जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह आंदोलन पूर्व विधायक चंदन कश्यप के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सड़क पर धान से भरे बोरे रखकर बैठते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कई घंटों तक नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों और वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि जिले के कई धान उपार्जन केंद्रों में अब तक किसानों का पूरा धान नहीं खरीदा जा सका है। तकनीकी खामियां, टोकन कटने में देरी और पोर्टल संबंधी समस्याओं के चलते बड़ी संख्या में किसान आज भी धान बेचने से वंचित हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कहा कि सरकार द्वारा धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी निर्धारित की गई है, जबकि जमीनी स्तर पर अब भी गंभीर अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं। ऐसे में हजारों किसानों का धान केंद्रों में पड़ा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि धान खरीदी की अवधि कम से कम फरवरी माह तक बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।
धान खरीदी को लेकर उठ रहे सवालों और किसानों के बढ़ते आक्रोश ने एक बार फिर सरकार की व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि सरकार किसानों की मांगों पर कब तक निर्णय लेती है, या फिर यह आंदोलन और तेज रूप लेता है।




