छत्तीसगढ़बस्तर संभागरायपुर संभाग

बस्तर संभाग के सरपंचों ने नए विधानसभा भवन में देखी लोकतांत्रिक प्रक्रियाउपमुख्यमंत्री से संवाद, जनसेवा को लेकर मिला नया दृष्टिकोण

रायपुर, 16 दिसम्बर 2025/
बस्तर संभाग की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए सरपंचों ने नवनिर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का भ्रमण कर लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझा। इस अवसर पर सरपंचों को विधानसभा की कार्यवाही, प्रश्नकाल, चर्चा एवं निर्णय लेने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। यह भ्रमण उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बस्तर क्षेत्र में लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

भ्रमण के दौरान सरपंचों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। सरपंचों ने कहा कि विधानसभा की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखने से उन्हें शासन व्यवस्था, जनसमस्याओं के समाधान और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों की गहरी समझ मिली है। उन्होंने बताया कि सदन में हर विषय पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा लोकतंत्र की मजबूती को दर्शाती है, जिससे यह विश्वास और पुख्ता होता है कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाता है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सरपंचों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की नींव हैं और ग्रामीण विकास में सरपंचों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बस्तर संभाग के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पंचायतों के सशक्तिकरण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर सरपंचों ने राज्य सरकार एवं उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के अनुभव उन्हें अपने-अपने गांवों में अधिक जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस प्रेरणादायी भ्रमण और संवाद से बस्तर संभाग के सरपंचों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ है। विधानसभा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझकर लौटे सरपंच अब अपने-अपने गांवों में अधिक सजग, जिम्मेदार और सशक्त नेतृत्व के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित नजर आए।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar