बस्तर: जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति पर साधा निशाना, कहा- जनता जवाब देगी

बस्तर। जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप ने कांग्रेस द्वारा मंत्री केदार कश्यप पर लगाए गए आरोपों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह नकारात्मक राजनीति केवल आदिवासी नेता को बदनाम करने का प्रयास है। शंकुतला कश्यप ने भानपुरी में मंत्री केदार कश्यप के निवास कार्यालय पर हुए हमले को कांग्रेस की गुंडागर्दी और अराजक मानसिकता का प्रमाण बताया।
जनता करेगी जवाब, भाजपा को और मजबूत करेगी:
जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि बस्तर की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए भाजपा पर अपना विश्वास और मजबूत करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस का बस्तर में अब कोई भविष्य नहीं है। शंकुतला कश्यप ने मंत्री केदार कश्यप के सौम्य और सरल व्यक्तित्व को उनकी लोकप्रियता का मुख्य कारण बताया और कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर पूरी तरह विफल हो चुकी है।
भाजपा सरकार के विकास कार्यों की सराहना:
शंकुतला कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार के विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मंत्री केदार कश्यप लगातार आदिवासी समाज के उत्थान और बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत हैं। शंकुतला कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास बस्तर में खोने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वे इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।




