वनमंत्री केदार कश्यप के आग्रह पर किसान ने छोड़ा वनभूमि कब्जा, मंच से हुआ सम्मान


जगदलपुर। बस्तर प्रवास के दौरान वनमंत्री केदार कश्यप बेसोली में आयोजित वन महोत्सव में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने पीपलवांड ग्राम पंचायत निवासी सोन सिंह पिता पदम (48 वर्ष) से वनभूमि पर किए गए कब्जे को छोड़ने का आग्रह किया। मंत्री के आग्रह के बाद सोन सिंह ने गांव के लोगों के सामने लिखित रूप से कब्जा छोड़ा और भविष्य में इस तरह का कार्य न करने की प्रतिज्ञा की।
वनमंत्री केदार कश्यप ने किसान के इस निर्णय को अनूठी व अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि सोन सिंह का यह कदम समाजहित में उदाहरण बनेगा और अन्य लोग भी प्रेरित होकर स्वेच्छा से वनभूमि छोड़ेंगे।
ग्राम पंचायत के सरपंच केशव सहित ग्रामीणों ने सोन सिंह की इस पहल का स्वागत करते हुए मंच से उनका सम्मान किया। वहीं, मुख्य वन संरक्षक आर.सी. दुग्गा और वनमंडल अधिकारी उत्तम गुप्ता के नेतृत्व में चल रहे अभियान की सराहना की गई।
उप वनमंडलाधिकारी आई.पी. बंजारे और भानपुरी के वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. प्रीतेश कुमार पांडे ने भी सोन सिंह को शुभकामनाएं दीं और अन्य अतिक्रमणकारियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से वनभूमि छोड़ें।
वन विभाग ने आश्वस्त किया कि ग्रामसभा की मांग के अनुसार जल्द ही दो तालाबों का निर्माण, 125 एकड़ क्षेत्र में फेंसिंग और मिश्रित वृक्षारोपण का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों की आजीविका व रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।




