सुशासन तिहार: इमली पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर मुलेर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ग्रामीणों ने किया पारंपरिक स्वागत

सुशासन तिहार: इमली पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर मुलेर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ग्रामीणों ने किया पारंपरिक स्वागत
बस्तर, गुरुवार, 15 मई 2025
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के मुलेर गांव पहुंचे। यह दौरा उनके सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें वे सीधे ग्रामीणों से संवाद कर शासन की योजनाओं और नीतियों का ज़मीनी स्तर पर मूल्यांकन कर रहे हैं।
ग्राम मुलेर में मुख्यमंत्री ने इमली के पेड़ के नीचे पारंपरिक चौपाल लगाई। ग्रामीणों ने महुआ, आमपत्ती से बने हार और गौर मुकुट पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों और उत्साह से भरे माहौल में मुख्यमंत्री का आगमन एक उत्सव जैसा रहा।
मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। इन सभी अधिकारियों का स्वागत ग्रामीणों ने छिंद पत्तों से बने सुंदर गुलदस्तों से किया।
चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बस्तर के हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचेगी और पारंपरिक संस्कृति तथा मूल्यों को सम्मान देते हुए शासन की योजनाएं लागू की जाएंगी।
ग्रामीणों में मुख्यमंत्री की सहजता और संवाद शैली को लेकर उत्साह देखा गया। लोग खुलकर अपनी बात रखते नजर आए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री का यह दौरा न सिर्फ प्रशासनिक दृष्टिकोण से बल्कि जनसंपर्क और भरोसे के दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बस्तर की धरती पर इस तरह की चौपालें प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को पाटने में मददगार साबित हो रही हैं।