छत्तीसगढ़

1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, 13 दिसंबर को होगी लिखित परीक्षा

रायपुर,27 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। वन विभाग में 1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। इन पदों के लिए 13 दिसंबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। शारीरिक मापदण्ड एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी करने वाले 16,762 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के विशेष प्रयासों और भर्ती प्रक्रिया की लगातार समीक्षा के बाद लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करते हुए लिखित परीक्षा का कार्यक्रम तय किया गया है। मंत्री ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

युवाओं के सपनों और परिश्रम का सम्मान करती है सरकार

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से इस अवसर का इंतजार कर रहे हैं और पूरी लगन से परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। सरकार युवाओं के परिश्रम, सपनों और आकांक्षाओं का सम्मान करती है। हमारा प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी हो और योग्य युवाओं को रोजगार के साथ प्रदेश की सेवा का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि वनरक्षक भर्ती केवल रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश की अमूल्य वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा में योगदान देने का अवसर भी है। चयनित युवा छत्तीसगढ़ के वनों, जैव विविधता और वन्यजीवों के प्रहरी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।

वन संरक्षण व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं वनरक्षक

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वनरक्षक वन विभाग की मैदानी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वनों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण, अवैध कटाई की रोकथाम, वन अपराधों पर नियंत्रण और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय में उनकी अहम भूमिका होती है।

विशेष रूप से पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति और विकास का दायरा बढ़ने के साथ वन प्रबंधन एवं संरक्षण गतिविधियों का भी विस्तार हो रहा है। ऐसे में वन विभाग को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और वन क्षेत्रों की प्रभावी सुरक्षा के लिए नए वनरक्षकों की नियुक्ति महत्वपूर्ण होगी।

भर्ती में योग्यता और मेरिट को मिलेगा अवसर

वन मंत्री ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। प्रत्येक योग्य अभ्यर्थी को समान अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए कोई स्थान नहीं होगा।

लिखित परीक्षा निर्धारित मानकों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और पारदर्शी प्रक्रियाओं के अनुरूप आयोजित की जाएगी।

1484 नए वनरक्षकों से मजबूत होगा वन विभाग

वनरक्षक के 1484 पदों पर नियुक्ति होने से वन विभाग की मैदानी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जैव विविधता संवर्धन, वन अपराधों की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलेगी।

13 दिसंबर 2026 को लिखित परीक्षा की तिथि तय होने से 16,762 अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए स्पष्ट समयसीमा मिल गई है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने के लिए प्रतिबद्ध है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि युवाओं को रोजगार का अवसर और वन संपदा को मजबूत सुरक्षा देने के संकल्प के साथ वन विभाग की भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar