12 साल बेमिसाल: खैरगुड़ा की चौपाल में हल्बी में बोले सांसद महेश कश्यप, ग्रामीणों संग किया रात्रि विश्राम

बस्तर, 20 जून 2026। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत बस्तर जिले के मधोता-02 खैरगुड़ा में विशेष चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ग्रामीणों से हल्बी भाषा में संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और गांव में रात्रि विश्राम कर लोगों का दिल जीत लिया।
चौपाल में सांसद महेश कश्यप ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर नल-जल, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष अपनी प्रमुख मांगें रखीं। ग्रामीणों ने खैरगुड़ा से देवड़ा मुख्य मार्ग के निर्माण और मारकंडी नदी पर उच्च स्तरीय पुलिया निर्माण को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बरसात के दिनों में नदी में पानी भर जाने से गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। इसके अलावा सीसी सड़क, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सामाजिक भवन, नल-जल योजना, पानी टैंकर, बिजली ट्रांसफार्मर और मनरेगा के तहत नियमित रोजगार की मांग भी उठाई गई।
सांसद महेश कश्यप ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना गांवों के विकास से ही साकार होगा और सड़क, पुलिया, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, सरपंच ईस्पर मंडावी, उपसरपंच सामबती ठाकुर, मंडल महामंत्री चमरू यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेश चंदेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने सांसद के हल्बी भाषा में संवाद और गांव में रात्रि विश्राम को सराहते हुए कहा कि यह गांव, गरीब और किसान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। चौपाल का समापन “12 साल बेमिसाल, मोदी सरकार कमाल” के नारों के साथ हुआ।




