छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल पर सरकार का बड़ा एक्शन, 107 निलंबित, 1007 पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई

रायपुर,12 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेशभर में हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। अब तक 107 पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि 1007 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरकार ने हड़ताल में शामिल पटवारियों के खिलाफ अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की है। इसके तहत 31 पटवारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, 3931 पटवारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इसके अलावा 95 पटवारियों का तबादला भी किया गया है।
बस्तर में सबसे ज्यादा 17 पटवारी निलंबित
जिलेवार कार्रवाई की बात करें तो बस्तर जिले में सबसे ज्यादा 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है। वहीं, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 14-14 पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
पटवारियों की हड़ताल के चलते प्रदेश में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने प्रशासनिक कार्रवाई तेज कर दी है।
हड़ताल को लेकर सरकार का सख्त रुख
निलंबन, नोटिस, तबादले और विभागीय जांच जैसी कार्रवाई से स्पष्ट है कि राज्य सरकार पटवारियों की हड़ताल को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। एक ओर पटवारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार ने कामकाज प्रभावित होने के बीच कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है।
प्रदेशभर में अब तक हुई इन कार्रवाइयों के बाद पटवारी आंदोलन और सरकार के बीच टकराव की स्थिति और गंभीर होती नजर आ रही है।




