
जगदलपुर,12 सितंबर 2026
साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए बस्तर में साइबर जागरूकता अभियान के तहत शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देने के साथ ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग फोन कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अकाउंट बंद होने, ऑनलाइन नौकरी, इनाम और निवेश के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। लोगों से अपील की गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
कार्यक्रम में संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान एप डाउनलोड नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क करना और डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाना है। अधिकारियों ने कहा कि सावधानी और जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।




