
जगदलपुर, 22 सितंबर 2026
बस्तर जिले को मोतियाबिंद मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग और महारानी अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को महारानी अस्पताल में मोतियाबिंद के 9 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सरिता थॉमस ने सभी मरीजों को आंखों की देखभाल और सावधानियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के बाद धूल और धुएं से बचाव, समय पर दवा डालना और नियमित जांच बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर रोटरी क्लब बस्तर जिला की ओर से मरीजों को फल वितरित किए गए। क्लब के पदाधिकारियों ने हड्डी वार्ड, स्त्री वार्ड, पुरुष वार्ड, नेत्र वार्ड सहित अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों को फल देकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. मनोज, सचिव अंकित गोयल, दिनेश कागोट और यश राठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने सेवा कार्य में हिस्सा लिया। क्लब सदस्यों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग करना उनका प्रमुख उद्देश्य है और आगे भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रहेंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मंगलवार को बस्तर ब्लॉक से मोतियाबिंद के 11 नए मरीजों को ऑपरेशन के लिए भर्ती किया गया है। इन मरीजों का ऑपरेशन बुधवार को किया जाएगा। जिले में नेत्र सहायक अधिकारियों के माध्यम से चिन्हित मरीजों को अस्पताल लाकर निःशुल्क ऑपरेशन किया जा रहा है, ताकि बस्तर को मोतियाबिंद मुक्त जिला बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।




