छत्तीसगढ़नारायणपुर

बसंती नाग बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चूजा पालन से संवर रही आजीविका, हर महीने 14-15 हजार की आमदनी

नारायणपुर, 23 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे आजीविका संवर्धन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राज्य शासन की आजीविका गतिविधियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से नारायणपुर जिले के वनांचल क्षेत्र की महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

इसी कड़ी में विकासखंड नारायणपुर के ग्राम पंचायत बेनूर की निवासी श्रीमती बसंती नाग ने मेहनत और लगन से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। बसंती नाग स्थानीय ‘रिद्धी सिद्धी स्व-सहायता समूह’ की सक्रिय सदस्य हैं। समूह की बैठकों के दौरान उन्हें IFC परियोजना के तहत संचालित चूजा पालन गतिविधि की जानकारी मिली। आजीविका को नई दिशा देने के उद्देश्य से उन्होंने चूजा पालन शुरू करने का निर्णय लिया।

2,700 रुपये के निवेश से शुरू किया चूजा पालन

IFC परियोजना के तकनीकी एवं व्यावहारिक सहयोग से बसंती नाग ने शुरुआत में 30 दिन के 30 चूजे, 90 रुपये प्रति चूजे की दर से खरीदे। इसके लिए उन्होंने कुल 2,700 रुपये का शुरुआती निवेश किया। उन्होंने चूजों के दाना-पानी, टीकाकरण और उचित देखरेख पर विशेष ध्यान दिया।

मेहनत और बेहतर प्रबंधन के परिणामस्वरूप उन्होंने चूजा पालन को आगे बढ़ाया और लगभग 500 से 600 चूजों का सफल उत्पादन एवं विक्रय किया।

हर महीने 14 से 15 हजार रुपये की अतिरिक्त आय

चूजों के विक्रय से बसंती नाग को लगभग 14 से 15 हजार रुपये की मासिक आमदनी हुई। इस अतिरिक्त आय से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और उन्हें अपने व्यवसाय को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास मिला।

बसंती नाग ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने और IFC परियोजना के मार्गदर्शन से उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का नया अवसर मिला है। अब वह दोबारा बड़े पैमाने पर चूजा पालन कर रही हैं, ताकि अपनी आय को और बढ़ा सकें।

अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

बसंती नाग की सफलता बताती है कि सही मार्गदर्शन, संस्थागत सहयोग और अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम बन सकती हैं। उनकी सफलता से बेनूर गांव की अन्य महिलाएं भी प्रेरित होकर स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका के नए साधन अपनाने के लिए आगे आ रही हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar