
कांकेर,23 सितंबर 2026
कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में एक ग्रामीण के घर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के बाद प्रार्थना सभा और धर्मांतरण की आशंका को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। चर्चा फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण संबंधित घर के सामने पहुंच गए। सूचना मिलते ही आमाबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजा गया। अंतागढ़ एसडीएम और एडिशनल एसपी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराया। इस दौरान ग्रामीणों और घर मालिक के बीच विवाद की स्थिति भी बनी।
घर मालिक ने बताया कि उसके घर में कोई प्रार्थना सभा या धर्मांतरण नहीं हो रहा था, बल्कि उसकी पुत्री का जन्मदिन मनाया जा रहा था और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग पहुंचे थे। वहीं, ग्रामीणों की ओर से घर में प्रार्थना सभा आयोजित होने और धर्मांतरण की आशंका जताई गई।
पहले भी हो चुका है विवाद
बड़े तेवड़ा गांव में कुछ महीने पहले भी धर्मांतरण के आरोप को लेकर विवाद सामने आया था। उस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी और गांव में स्थित एक चर्च में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस और प्रशासन क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़े मामलों को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं।
तीन दिन से पुलिस बल तैनात
फिलहाल अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति शांत है। एहतियात के तौर पर तीन दिन बाद भी गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित घर में वास्तव में किस तरह का आयोजन किया गया था।




