
दंतेवाड़ा,12 सितंबर 2026
दंतेवाड़ा के गीदम थाना क्षेत्र के समलूर गांव में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जादू-टोना करने के शक में 65 वर्षीय सुखराम सोढ़ी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चोट के निशान मिलने के बाद खुला हत्या का मामला
पुलिस के मुताबिक, उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उनके चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जादू-टोने के शक में रची हत्या की साजिश
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव में सुखराम सोढ़ी पर जादू-टोना करने का शक किया जा रहा था। इसी संदेह और नाराजगी के चलते आरोपियों ने बुजुर्ग की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की तो धनीराम भोगामी उर्फ मोटू, बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू और मंगतू सोढ़ी की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




