छत्तीसगढ़

सैनिक स्कूल में दाखिले का मौका, छत्तीसगढ़ सहित देशभर के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानें परीक्षा और आवेदन की पूरी प्रक्रिया

रायपुर,10 नवंबर 2026

शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों एवं नए सैनिक स्कूलों में कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

2 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका

सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य द्वारा जारी सूचना के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल अंबिकापुर में कक्षा छठवीं एवं नौवीं में विद्यार्थियों का चयन अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक है। निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थी 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक का समय दिया जाएगा।

31 जनवरी 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा

अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी होगी, जबकि अभ्यर्थी 25 जनवरी 2027 से एनटीए की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

प्रवेश परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। परीक्षा पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट (2 घंटे 30 मिनट) निर्धारित की गई है। यह परीक्षा 13 माध्यमों में आयोजित होगी। वहीं, कक्षा नौवीं के लिए परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी और परीक्षा अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की जाएगी।

एनटीए की वेबसाइट पर करें आवेदन

इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम, शुल्क एवं अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है।

आवेदन एवं जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट:

  • https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/
  • https://nta.ac.in/

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar