
जगदलपुर,16 सितम्बर 2026
भारतीय जनता पार्टी का सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से होगी।
अभियान के तहत जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की सहभागिता भी होगी।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत जगदलपुर में मांई श्री दंतेश्वरी मंदिर के समक्ष सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस दौरान राष्ट्र की उन्नति, खुशहाली और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घायु की मंगलकामना की जाएगी। इसके अलावा श्री जगन्नाथ मंदिर, भगवान विश्वकर्मा मंदिर, अटल स्मारक और भाजपा जिला कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
भाजपा की ओर से आमजनों से घर-घर और अपने कार्यस्थलों पर दीप जलाने की अपील की गई है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर भाजयुमो द्वारा महारानी जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। मरीजों को फल आदि का वितरण भी किया जाएगा। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम भी होगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने बस्तरवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने और आशीर्वाद का दिया दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।




