सक्ती में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश से मची अफरा-तफरी, बचने तालाब में कूदा ग्रामीण, डूबने से मौत

सक्ती,25 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में जुआ खेलने के दौरान पुलिस की दबिश पड़ने पर एक ग्रामीण ने तालाब में छलांग लगा दी। इस हादसे में डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही महेश राम केंवट के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस की दबिश के बाद तालाब में लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर हसौद पुलिस ने दबिश दी थी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान महेश राम केंवट ने पुलिस से बचने के लिए पास स्थित तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद वह लापता हो गया।
रेस्क्यू के दौरान तालाब में मिला शव
ग्रामीण के तालाब में डूबने की आशंका के बाद रेस्क्यू टीम ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बुधवार सुबह उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के आरोपों की होगी जांच
घटना को लेकर सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुम इंसान का मामला दर्ज किया गया था। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




