
बीजापुर,13 सितम्बर 2026
जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। उसूर ब्लॉक के सेमलडोडी गांव के बच्चे जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं। हाथों में किताबें और पीठ पर स्कूल बैग लेकर पानी में उतरते बच्चों की तस्वीर ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उफनती नदी में उतरकर स्कूल जा रहे बच्चे
सेमलडोडी के बच्चे बारिश के दौरान तेज बहाव वाले पानी में नदी पार कर स्कूल जाते दिखाई दे रहे हैं। नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
गांव में बच्चों के लिए सुरक्षित आवाजाही के लिए पुल या पुलिया की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
AAP नेता ने उठाए सवाल
मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के लोकसभा उपाध्यक्ष सहदेव मोरला ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दोनों दल विकास के दावे करते हैं, लेकिन धरातल पर ग्रामीण बच्चों की स्थिति अलग तस्वीर दिखा रही है।
सहदेव मोरला ने सवाल उठाया कि जब नेताओं के लिए सड़क और दूसरी सुविधाएं तैयार हो सकती हैं, तो ग्रामीण बच्चों के लिए सुरक्षित पुल या पुलिया क्यों नहीं बन पा रही है।
प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान बच्चों को नदी पार करके स्कूल न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि एक भी बच्चे की जान जोखिम में नहीं पड़नी चाहिए। ग्रामीण बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचने के लिए सड़क, पुल और जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।




