छत्तीसगढ़बस्तर संभागसुकमा

नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर बदल रहा बस्तर, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों से विकास को मिलेगी रफ्तार

सुकमा,11 नवम्बर 2026

नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर बस्तर अब शांति, सुरक्षा और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। क्षेत्र में बदलते हालात के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। सुकमा पुलिस की ओर से जारी जनजागरूकता संदेश में नक्सलवाद के बाद बस्तर में आ रहे बदलावों और विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया गया है।

इस संदेश के माध्यम से बताया गया है कि बस्तर के स्थानीय लोगों को उनके जल, जंगल, जमीन और अधिकारों के साथ विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय वन उपज को उचित बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीणों की आजीविका के नए साधन विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं की पहल

शिक्षा के क्षेत्र में दूरस्थ गांवों तक विद्यालयों की पहुंच बढ़ाने और बेहतर शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और उनका भविष्य बेहतर बन सके।

कृषि और स्थानीय उत्पादों से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

बस्तर के आर्थिक विकास के लिए कृषि एवं बागवानी को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर जोर दिया गया है। हल्दी, इमली, कोदो-कुटकी और बांस जैसे स्थानीय उत्पादों के उत्पादन एवं प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने की बात कही गई है।

इसके साथ ही लघु वनोपज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। इको-टूरिज्म और सांस्कृतिक पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने की संभावनाएं भी बताई गई हैं।

संवाद और विश्वास से मजबूत होगा नया बस्तर

सुकमा पुलिस के जनजागरूकता संदेश में ग्रामीणों के बीच संवाद, सहभागिता और आपसी विश्वास को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। संदेश के अनुसार गांवों में भय के स्थान पर विकास, सहयोग और सामाजिक एकता का माहौल तैयार करना जरूरी है।

इसके साथ ही विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से लोगों तक पहुंचाने, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाएं बढ़ाने तथा आदिवासी समुदायों के अधिकार, पहचान और सम्मान को मजबूती देने की आवश्यकता बताई गई है।

संघर्ष नहीं, संभावनाओं से बनेगी बस्तर की नई पहचान

सुकमा पुलिस के इस संदेश का उद्देश्य बस्तर की पहचान को केवल संघर्ष और नक्सलवाद तक सीमित न रखते हुए यहां की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाना है।

संदेश में आत्मनिर्भरता, सामाजिक एकता और समृद्धि के माध्यम से नए बस्तर के निर्माण की परिकल्पना प्रस्तुत की गई है। अब क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के साथ विकास के अवसरों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar