छह महीने से अधूरे पड़े स्कूल के शौचालय: जंगल जाने को मजबूर बच्चे, भेड़िया-भालू का खतरा; सरपंच-सचिव पर राशि के दुरुपयोग का आरोप

बकावंड। बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायत चारगांव में सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां प्राथमिक शाला और उच्च माध्यमिक विद्यालय में शौचालय निर्माण का काम पिछले छह महीने से अधूरा पड़ा है। शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को खुले में और जंगल की ओर शौच के लिए जाना पड़ रहा है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल के आसपास घना जंगल है, जहां भेड़िया, भालू और सियार सहित अन्य जंगली जानवरों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में छोटे बच्चों का शौच के लिए जंगल की ओर जाना जोखिम भरा साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
छह महीने बाद भी अधूरा निर्माण
ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय निर्माण के लिए पंचायत को राशि स्वीकृत होने के बावजूद सरपंच और सचिव ने काम पूरा कराने में रुचि नहीं दिखाई। निर्माण स्थल पर दीवारें अधूरी हैं। वहीं, छत और दरवाजे भी नहीं लगाए गए हैं। इसके अलावा पानी की व्यवस्था भी नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई थी, तो छह महीने बाद भी शौचालय अधूरे क्यों हैं? उन्होंने निर्माण कार्य के नाम पर खर्च की गई राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। हालांकि, राशि के दुरुपयोग के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
स्कूली बच्चों के पालकों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही पंचायत को स्वीकृत राशि और अब तक किए गए खर्च का विवरण सार्वजनिक करने तथा अधूरे शौचालयों का निर्माण तत्काल पूरा कराने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूलों में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा नहीं होना बच्चों की शिक्षा, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। बच्चों को जंगल में जंगली जानवरों के खतरे के बीच शौच के लिए जाना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करनी चाहिए।




