छत्तीसगढ़ में कैंसर मरीजों को बड़ी राहत: 137 कैंसर रोधी दवाओं की कीमतें संशोधित, 9 नवंबर से नए दाम लागू

रायपुर, 17 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में कैंसर मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं की कीमतों में राहत दिलाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के सभी दवा निर्माताओं, वितरकों, स्टॉकिस्टों, खुदरा दवा विक्रेताओं, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और कैंसर उपचार संस्थानों को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतों (एमआरपी) का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। ये नई कीमतें 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक ने बताया कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 17 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से इन दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन (व्यापार मार्जिन युक्तिकरण) लागू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य दवाओं की कीमतों में संशोधन का सीधा लाभ मरीजों तक पहुंचाना और कैंसर के इलाज पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद करना है।
प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों को एनपीपीए द्वारा जारी औषधि कंपनियों की नवीनतम संशोधित मूल्य सूची के अनुसार ही दवाओं की बिक्री सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और दवा विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे संशोधित मूल्य सूची या पूरक मूल्य सूची अपने परिसर में ऐसे स्थान पर प्रदर्शित करें, जहां मरीज और उनके परिजन आसानी से उसे देख सकें। जहां लागू हो, वहां यह सूची संस्थान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करानी होगी।
अस्पतालों को नियमित करना होगा एमआरपी का मिलान
अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को अपने यहां उपलब्ध तथा मरीजों को दी जाने वाली संबंधित कैंसर रोधी दवाओं की कीमतों का संशोधित मूल्य सूची से नियमित मिलान करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मरीज से निर्धारित संशोधित एमआरपी से अधिक राशि वसूल नहीं की जा सकती। इसके अलावा दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनकी कमी की स्थिति को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
ज्यादा कीमत वसूलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने साफ किया है कि निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने या जारी निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 और अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। मूल्य सत्यापन और निगरानी के दौरान सभी संबंधित संस्थानों को विभागीय अधिकारियों का आवश्यक सहयोग करना होगा।
अधिक कीमत वसूली या दवाओं की कमी की शिकायत यहां करें
कैंसर रोधी दवाओं की निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूले जाने या दवाओं की अनुपलब्धता की स्थिति में मरीज और उनके परिजन निम्न माध्यमों से शिकायत दर्ज करा सकते हैं:
- छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (CGPMRU): 9340597097
- NPPA हेल्पलाइन: 1800-111-255
- फार्मा सही दाम ऐप/पोर्टल
- ईमेल: cg-pmru@cg.gov.in
- NPPA ईमेल: monitoring-nppa@gov.in
- नियंत्रक कार्यालय ईमेल: controllerraipur@gmail.com
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि कैंसर रोधी दवाएं खरीदते समय उनकी संशोधित कीमत की जानकारी जरूर लें। यदि कोई दवा विक्रेता या अस्पताल निर्धारित एमआरपी से अधिक राशि वसूलता है अथवा दवा उपलब्ध कराने में अनियमितता करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित अधिकारियों से करें।




