
जगदलपुर। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जगदलपुर स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हॉल में छत्तीसगढ़ कर्मकार श्रमिक कल्याण संघ द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और श्रमिकों का सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कश्यप ने श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रमिक समाज राष्ट्र की रीढ़ हैं, जिनके पसीने और परिश्रम से विकास की इबारत लिखी जाती है। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों में श्रमिक कठिन परिस्थितियों के बावजूद विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की ताकि उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
कार्यक्रम में जगदलपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। इस दौरान श्रमिकों ने अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए। संघ के पदाधिकारियों ने श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं की पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडे, छत्तीसगढ़ कर्मकार श्रमिक कल्याण संघ के अध्यक्ष रघुनाथ नागेश, शिवशंकर कुरानी, तिजुराम कश्यप, सुमनी ठाकुर, माहरा समाज सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मंगलू राम कश्यप, फगुराम कश्यप, मदन बघेल, बलदेव कश्यप, बलराम बेसरा, जयमन कश्यप और शिवलाल नेताम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




