छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय आंदोलन आज से शुरू, काली साड़ी पहनकर मनाएंगी काला दिवस

रायपुर, 17 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेशभर में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय चरणबद्ध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता अलग-अलग तरीकों से विरोध दर्ज कराते हुए सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करेंगी। आंदोलन के तहत नुक्कड़ नाटक, थाली-चम्मच बजाने और काली साड़ी एवं काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाने की तैयारी की गई है।
तीन दिन अलग-अलग तरीके से होगा प्रदर्शन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंदोलन की शुरुआत 17 नवंबर से हो रही है। आंदोलन के पहले दिन कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराएंगी।
वहीं, 18 नवंबर को थाली-चम्मच बजाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के तीसरे और अंतिम दिन यानी 19 नवंबर को काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया जाएगा।
नियमितीकरण और 30 हजार रुपये मानदेय की प्रमुख मांग
आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में उन्हें नियमित कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना शामिल है। इसके अलावा मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग भी की जा रही है।
कार्यकर्ताओं की अन्य मांगों में 5G मोबाइल की सुविधा, इंटरनेट भत्ते को बढ़ाकर 500 रुपये करने और पदोन्नति देने की मांग शामिल है। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिसंबर में होगा प्रांतीय महापड़ाव
आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव आयोजित किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने यह भी चेतावनी दी है कि महापड़ाव के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के इस आंदोलन से प्रदेश में उनकी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि सरकार इन मांगों पर क्या निर्णय लेती है।




