गणेशोत्सव में बस्तर की महिलाओं का कमाल: इको-फ्रेंडली मूर्तियां बेचकर कमाए 1.80 लाख रुपये

रायपुर, 14 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड स्थित तारापुर गांव की महिलाओं ने अपनी मेहनत और हुनर से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। ‘मिट्टी के गणेश मूर्ति निर्माण सिद्धि स्व सहायता समूह’ की ग्रामीण महिलाओं ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाएं तैयार कर महज कुछ हफ्तों में 1.80 लाख रुपये की कमाई की।
शांति नागवंशी, दसो भारती और रोमा नागवंशी के नेतृत्व में समूह की महिलाओं ने शुद्ध मिट्टी से बिना हानिकारक केमिकल और कृत्रिम रंगों के 52 गणेश प्रतिमाएं तैयार की थीं। बाजार में पहुंचते ही इन इको-फ्रेंडली मूर्तियों की मांग बढ़ गई और पूरा स्टॉक हाथों-हाथ बिक गया।
समूह की सदस्य शांति नागवंशी ने बताया कि अपनी मेहनत से बएकनाई मूर्तियों की पूजा होते देखना और स्वयं की कमाई हासिल करना उनके लिए सपने के पूरा होने जैसा है। उन्होंने कहा कि इस आय का उपयोग परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बच्चों की शिक्षा में किया जाएगा।
सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुई तारापुर की महिलाओं की यह पहल न केवल बस्तर में सराही जा रही है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों की अन्य महिलाओं को भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दे रही है।




