कुलगाम एनकाउंटर में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, वीडियो कॉल पर जवानों ने समझाया तो बोला- अल्लाह से मिलना है

कुलगाम,18 नवम्बर 2026
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को एनकाउंटर में मार गिराया। 22 वर्षीय लतीफ भट CRPF पोस्ट पर फायरिंग के बाद फरार था और देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ था। बुधवार को सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर उसे मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
एनकाउंटर से पहले सुरक्षाबलों ने उसे वीडियो कॉल के जरिए सरेंडर करने के लिए समझाने की कोशिश भी की। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी ने उससे कहा कि हम तुम्हारे साथ हैं, अभी जिंदगी बाकी है। लेकिन लतीफ ने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। उसने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। मैं बहुत खुश हूं, सरेंडर नहीं करूंगा।’
CRPF पोस्ट पर फायरिंग में घायल हुए थे तीन जवान
सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट ने अपने साथी उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान स्थित CRPF पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे।
इसके बाद 16 नवंबर को पुलिस ने अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को घेर लिया। यहां हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भागने में कामयाब रहा। हालांकि, इस दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
दो दिन बाद सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि लतीफ देवसर के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर उसे मार गिराया गया।
15 लाख रुपये का इनामी था लतीफ भट
लतीफ भट पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह कुलगाम के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) का रहने वाला था। वर्ष 2025 की शुरुआत में वह अपने घर से लापता हो गया था। इसके बाद परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बाद में पाकिस्तान में बैठे आतंकी ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन TRF में भर्ती किया था। लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय सरकारी डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की और फिर बढ़ई का काम करने लगा।
बताया जाता है कि उमर निसार डार ने लतीफ को करीब छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने CRPF पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।
छह महीने में लश्कर के चार कमांडर ढेर
जम्मू-कश्मीर में पिछले छह महीनों के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडरों को मार गिराया है। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।
जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया था। वहीं यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया था।
अमित शाह ने सुरक्षाबलों को दी बधाई
लतीफ भट के मारे जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पूरे ऑपरेशन के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।
अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों की सराहना करते हुए उन्हें सलाम किया। वहीं, CRPF प्रमुख ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने भी सोशल मीडिया के जरिए सुरक्षाबलों को इस सफलता के लिए बधाई दी।




