
कांकेर,17 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद किया गया है। तलाशी के दौरान जवानों ने हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की है।
सर्चिंग अभियान के दौरान मिला नक्सलियों का डम्प
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने नक्सल प्रभावित इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया था। इस दौरान जवानों को जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प मिला। तलाशी लेने पर मौके से एक भरमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर, दो डेटोनेटर और अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई।
बीडीएस टीम ने मौके पर नष्ट की विस्फोटक सामग्री
बरामद विस्फोटक सामग्री को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से तत्काल कार्रवाई की गई। बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम ने संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म और अन्य विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चला संयुक्त अभियान
यह संयुक्त अभियान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जारी है सर्चिंग
इस अभियान में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस के जवान शामिल रहे। कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




