सावन में शिवभक्तों को सांसद महेश कश्यप की सौगात, दलपत सागर के प्राचीन शिव मंदिर तक हर सोमवार चलेगी मोटरबोट

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगी विशेष व्यवस्था, वर्षों बाद सावन में आसान होंगे शिव दर्शन
जगदलपुर, 2 अगस्त 2026,
पवित्र श्रावण माह में भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप की पहल पर जगदलपुर के ऐतिहासिक दलपत सागर के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक प्रत्येक सोमवार मोटरबोट की विशेष व्यवस्था की गई है। इस सुविधा के तहत श्रद्धालु सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सुरक्षित रूप से मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे।
दलपत सागर छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े और ऐतिहासिक तालाबों में से एक है, जिसका निर्माण काकतीय वंश के शासक दलपत देव द्वारा कराया गया था। तालाब के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। सामान्य दिनों में इस मंदिर तक पहुंचना आसान नहीं होता और प्रायः महाशिवरात्रि के अवसर पर ही मोटरबोट के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिल पाता है।
बताया गया कि गौ सेवकों की मांग और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद महेश कश्यप ने सावन माह के प्रत्येक सोमवार मोटरबोट संचालन की पहल की है। इससे बड़ी संख्या में शिवभक्तों को प्राचीन मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पावन समय होता है। श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मोटरबोट का उपयोग करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।
सावन माह में शिवभक्तों की सुविधा के लिए शुरू की गई यह विशेष मोटरबोट सेवा श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा दोनों को नई दिशा देगी। अब प्रत्येक सोमवार दलपत सागर के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक सहज और सुरक्षित होगा।




