खेलछत्तीसगढ़

हांगकांग में छत्तीसगढ़ के इभानन का कमाल, बॉलिंग चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड मेडल

रायपुर,10 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का एक और अवसर सामने आया है। रायपुर के आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट, अवंति विहार के 22 वर्षीय छात्र इभानन ने हांगकांग में आयोजित स्पेशल ओलंपिक ईस्ट एशिया रीजनल बॉलिंग चैंपियनशिप 2026 में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

    प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 9 सितंबर 2026 तक हांगकांग में किया गया था। इभानन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए। संस्था के अनुसार, उन्होंने चीन, जापान और कोरिया जैसे देशों के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

    2024 में भी जीते थे स्वर्ण और कांस्य पदक

    इभानन की यह पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि नहीं है। इससे पहले 2024 में नई दिल्ली में आयोजित इसी चैंपियनशिप में उन्होंने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता था।

    लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर इभानन ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है।

    प्रशिक्षण और शिक्षकों की मेहनत का रहा अहम योगदान

    आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट के अनुसार, इभानन की सफलता में संस्थान के व्यावसायिक प्रशिक्षण और शिक्षकों की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्थान विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराता है।

    आज रात रायपुर पहुंचेंगे इभानन, होगा भव्य स्वागत

    दो स्वर्ण पदक जीतने के बाद इभानन 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे हांगकांग से दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट के शिक्षक, स्टाफ और छात्र-छात्राओं, लायंस क्लब इंटरनेशनल के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

    इस दौरान इभानन का सेरेमोनियल बैंड की धुन के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। उनकी शानदार अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।

    Related Articles

    Back to top button
    You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar