
जगदलपुर, 2 जुलाई 2026। कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) के तहत ग्राम छोटेदेवड़ा, रायकेरा देवड़ा में 32 किसानों को रागी बीज वितरित किए गए। इस दौरान किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं और खरीफ फसलों को बढ़ावा देने के लिए दी जा रही प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी गई।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले खरीफ सीजन में धान की खेती करने वाले किसान यदि इस वर्ष धान के स्थान पर रागी, कोदो, कुटकी, मक्का, तिलहन, दलहन अथवा अन्य खरीफ फसलों की खेती करते हैं, तो उन्हें 15,000 रुपये प्रति एकड़ की सहायता मिलेगी। वहीं, जो किसान पहले से ही इन फसलों की खेती कर रहे हैं, उन्हें 10,000 रुपये प्रति एकड़ की सहायता का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) सहित कृषि विभाग की अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने और रागी की वैज्ञानिक खेती के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप, सरपंच लखमी कश्यप, संतोष कश्यप, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मोहन कश्यप तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी गामन कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर रागी सहित अन्य खरीफ फसलों का रकबा बढ़ाने का संकल्प लिया।




