छत्तीसगढ़बकावंड

बकावंड में पट्टिका विवाद पर मोना पाढ़ी का भाजपा पर हमला: बोलीं- विधायक का काम बोलता है, पट्टिका में नाम ढूंढ रही भाजपा

बकावंड,15 सितंबर 2026

छोटे देवड़ा में भाजपा जनपद सदस्य का नाम पट्टिका में नहीं होने को लेकर उठे विवाद पर कांग्रेस नेता मोना पाढ़ी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विधायक को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि का नाम पट्टिका में नहीं होना विधायक की जिम्मेदारी है, तो बिजागुड़ा में सांसद निधि से निर्मित शेड और DMFT मद से बने प्राथमिक शाला की पट्टिकाओं में क्षेत्रीय विधायक का नाम नहीं होने पर भाजपा और सांसद ने अधिकारियों से सवाल क्यों नहीं किया?

मोना पाढ़ी ने कहा कि यदि अधिकारियों पर दबाव डालकर क्षेत्रीय विधायक का नाम हटाकर केवल अपने समर्थकों या कार्यकर्ताओं के नाम पट्टिका में शामिल कराने की कोशिश की जा रही है, तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के सम्मान और निर्धारित प्रोटोकॉल की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। जांच में प्रोटोकॉल के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।

उन्होंने सांसद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। जब सांसद निधि से कार्य हुआ और पट्टिका में क्षेत्रीय विधायक का नाम नहीं था, तब संबंधित अधिकारियों से सवाल किया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरों के नाम छूटने पर सवाल और विधायक का नाम छूटने पर खामोशी भाजपा के दोहरे रवैये को उजागर करती है।

मोना पाढ़ी ने कहा कि विधायक का काम किसी पट्टिका पर लिखे नाम का मोहताज नहीं है। विधायक का काम बोलता है और जनता उस काम को देखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जितना पट्टिका में नाम ढूंढकर राजनीति करेगी, उतना ही उसका कथित दोहरा चेहरा जनता के सामने उजागर होगा।

कांग्रेस नेता ने भाजपा से प्रदेश सरकार की नाकामियों और जनता के वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि पब्लिक स्टंट के जरिए मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बंद होनी चाहिए। जनता को पत्थर पर नाम नहीं, बल्कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि छोटे देवड़ा में नाम छूटा तो विधायक जिम्मेदार, लेकिन बिजागुड़ा में क्षेत्रीय विधायक का नाम नहीं आया तो जवाबदार कौन? मोना पाढ़ी ने कहा कि भाजपा इस सवाल से बच नहीं सकती।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar