छत्तीसगढ़

जो खेलेगा, वही खिलेगा: खेल प्रतिभाओं को तराशने प्रतिबद्ध सरकार, अरुण साव बोले- खिलाड़ियों को मिलेंगे बेहतर अवसर

बिलासपुर, 6 सितंबर 2026

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देने की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के मैदान में संघर्ष और पसीना बहाने वाले खिलाड़ी ही सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते हैं। उन्होंने कहा, “जो खेलेगा, वही खिलेगा।”

खेल प्रतिभाओं को मिल रहे बेहतर अवसर

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खेल और खिलाड़ियों के विकास को विशेष प्राथमिकता दे रहे हैं। खेलो इंडिया के माध्यम से देशभर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया गया है। वहीं प्रदेश को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर भी मिला है। राज्य सरकार ने बंद हो चुके खेल अलंकरण को दोबारा शुरू करने के साथ ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की है।

खिलाड़ियों को दिए गए 1.74 करोड़ रुपये

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में 29 अगस्त को खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के तहत इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे खेलों के विकास के साथ-साथ स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना को भी मजबूत किया जाएगा।

3800 अंकों के साथ बिलासपुर बना ओवरऑल चैंपियन

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

सभी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने 3800 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर एवं छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में किया गया। समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी: अमर अग्रवाल

बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि जीवन बहुआयामी है। शिक्षा के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहना भी जरूरी है, जिसमें खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के विकास के लिए बनाई गई नीतियों का परिणाम है कि आज भारतीय खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने खेलों के लिए आधारभूत अधोसंरचना विकसित करने का काम किया है।

खेल की प्रतिस्पर्धा भविष्य को बनाती है उज्ज्वल: धरमलाल कौशिक

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल के माध्यम से छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा है और खेल मैदान की प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाती है

उन्होंने खिलाड़ियों से अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

समापन समारोह में मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा, सहायक संचालक क्रीड़ा जी.डी. गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar