कांग्रेस विधायक दल की बैठक: SIR के खिलाफ आज प्रदर्शन, नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने पार्टी की रणनीति पर कही यह बात

रायपुर,28 सितंबर 2026
कांग्रेस विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता नए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने की। इसमें पीसीसी चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कांग्रेस के सभी विधायक और पूर्व मंत्री शामिल हुए।
बैठक में विधानसभा के मुद्दों के साथ-साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। कांग्रेस के SIR के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भी रणनीति पर विचार किया गया।
बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि विधायकों के साथ एक अनौपचारिक मुलाकात हुई है। जन मुद्दों की सूची नेता प्रतिपक्ष ने सदन में रखी है। भविष्य में सदन के अंदर और सड़क पर पार्टी की गतिविधियों को लेकर कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर भी एक मुद्दा है। इसके अलावा आज वोट चोरी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के सामने कई अन्य मुद्दे भी हैं, जिन पर अगली बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी।
वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के साथ विधायकों की मुलाकात हुई है। उन्होंने विधानसभा में कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों की संक्षिप्त जानकारी प्रदेश प्रभारी को दी है। महंत ने कहा कि भगत दिल्ली से आकर पार्टी को मार्गदर्शन देते रहेंगे और सभी नेता संगठन से जुड़कर एकता के साथ काम करेंगे।




