छत्तीसगढ़

बस्तर में पंचायत सचिव भर्ती को लेकर युवाओं का आक्रोश : हेमंत कश्यप ने प्रशासन से तत्काल प्रक्रिया शुरू करने की मांग की, आंदोलन की चेतावनी भी दी

📍 जगदलपुर, बस्तर

बस्तर जिले में पंचायत सचिवों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक और सामाजिक माहौल गर्म हो गया है। युवा कांग्रेस, बस्तर के पूर्व उपाध्यक्ष एवं आदिवासी नेता हेमंत कश्यप के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर बस्तर एवं जिला पंचायत सीईओ, जगदलपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिले की कई ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिव के सैकड़ों पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं, जिससे ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पड़ोसी जिलों कांकेर और बीजापुर में भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन बस्तर के युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

युवा कांग्रेस ने बताया कि वर्तमान स्थिति में एक पंचायत सचिव को 2 से 3 पंचायतों का अतिरिक्त कार्यभार संभालना पड़ रहा है, जिससे विकास कार्यों की गति धीमी हो गई है और आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है।

नेताओं ने इसे बस्तर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बताया और प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया।

प्रमुख मांगें:

  • पंचायत सचिव भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए
  • स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए
  • पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो
  • आदिवासी क्षेत्र के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले

इस दौरान प्रशासन की ओर से डिप्टी कलेक्टर एवं जिला पंचायत अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया।

हालांकि युवा कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर कार्रवाई चाहिए।

चेतावनी भी दी

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर हेमंत कश्यप, संजय, थानेश, भागवत, चंद्रशेखर, खिरेंद्र, रुपलाल, वैभव, मनीष, गिरधर, कृष्णा, एकादशी, रामचंद्र, जगमोहन, अनुज और रुपेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar