छत्तीसगढ़बकावंड

बिजली गिरते ही पेड़ में लगी आग, 24 घंटे बाद भी धधक रहा तना; सुआछोंड में देखने उमड़ रहे ग्रामी

बकावंड, 19 जून 2026। विकासखंड बकावंड के ग्राम पंचायत सुआछोंड में आकाशीय बिजली गिरने से एक पेड़ में लगी आग 24 घंटे बाद भी नहीं बुझी है। लगातार बारिश और पूरी रात बीत जाने के बावजूद पेड़ का तना अंदर ही अंदर सुलग रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे तेज बारिश, आंधी और बादलों की गर्जना के दौरान बिजली एक पेड़ पर आ गिरी। बिजली गिरते ही पेड़ में आग लग गई। सामान्यतः बारिश के दौरान लगी आग कुछ ही समय में बुझ जाती है, लेकिन इस मामले में आग लगातार धधकती रही।

ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ के तने से अब भी धुआं निकल रहा है और अंदर सुलग रही आग का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर इस दुर्लभ नजारे को देखने लगे। कुछ ग्रामीण इसे प्रकृति की अनोखी घटना बता रहे हैं, जबकि कई लोग किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग इसी तरह जलती रही तो आसपास के क्षेत्र के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा आग को पूरी तरह बुझाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar