छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर में AI-रोबोटिक्स की पढ़ाई: विवेकानंद स्कूल में ट्रेनिंग, कलेक्टर ने छात्रों से किया संवाद

जगदलपुर, 25 अप्रैल 2026। बस्तर के युवाओं को डिजिटल युग की नई तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए संजय मार्केट के पास स्थित विवेकानंद स्कूल (सेजस) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स पर आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें तकनीकी नवाचार और रचनात्मक सोच के लिए प्रेरित किया।

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को 21वीं सदी के आवश्यक कौशल—जैसे समस्या समाधान, रचनात्मकता और तकनीकी समझ—से सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण में 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया, वहीं शिक्षकों को भी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन ‘द पाई जैम फाउंडेशन’ द्वारा किया गया, जबकि इसके प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी में पीपीआईए फेलो की अहम भूमिका रही। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को डिजाइन थिंकिंग के जरिए वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने की प्रक्रिया सिखाई गई।

इसके साथ ही छात्रों को एआई की बुनियादी अवधारणाएं, कंप्यूटर विजन, डेटा प्रेडिक्शन और तकनीक के नैतिक उपयोग जैसे विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला का प्रायोगिक हिस्सा विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण रहा, जहां उन्होंने आर्डुइनो और बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स की मदद से छोटे-छोटे प्रोजेक्ट तैयार किए।

यह पहल बस्तर के विद्यार्थियों को डिजिटल युग की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप तैयार करने के साथ-साथ उन्हें नवाचार और तकनीकी नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar